भारी बारिश के बीच पुलिस की कड़ी चाैकसी, एसएसपी ने स्वयं संभाला माेर्चा
ा
हरिद्वार, 10 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच शिवभक्तों की सुरक्षा और सुगम आवाजाही को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सोमवार को चंडी चौक पर कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ और लगातार बढ़ रहे दबाव को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार एक बार फिर ग्राउंड जीरो पर पहुंचे। एसएसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वयं मोर्चा संभालते हुए शिवभक्तों की भीड़ को व्यवस्थित कर उनके गंतव्य की ओर रवाना कराया।
बारिश के बावजूद कांवड़ यात्रा मार्ग पर शिवभक्तों का उत्साह और आस्था देखते ही बन रही है। बड़ी संख्या में कांवड़िये हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। चंडी चौक क्षेत्र में एक साथ बड़ी संख्या में शिवभक्तों के पहुंचने के कारण भीड़ का दबाव बढ़ गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित करने की कार्रवाई शुरू की।
चंडी चौक पर पहुंचकर लिया व्यवस्थाओं का जायजा
एसएसपी हरिद्वार ने चंडी चौक पहुंचकर मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने भीड़ की स्थिति, यातायात व्यवस्था, कांवड़ियों की आवाजाही और पुलिस बल की तैनाती का जायजा लिया। इसके बाद अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि भीड़ को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जाए और किसी भी स्थान पर शिवभक्तों का अनावश्यक जमावड़ा न होने दिया जाए।
एसएसपी ने निर्देश दिए कि कांवड़ियों को निर्धारित मार्गों से लगातार आगे बढ़ाया जाए, जिससे चंडी चौक और आसपास के क्षेत्रों में भीड़ का दबाव कम किया जा सके। उन्होंने पुलिसकर्मियों से स्वयं मौके पर रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल लगाने को कहा।
बारिश में भी पुलिसकर्मियों ने संभाली व्यवस्था
भारी बारिश के बीच जहां एक ओर शिवभक्त अपने गंतव्य की ओर बढ़ते रहे, वहीं दूसरी ओर पुलिसकर्मी भी लगातार मोर्चे पर डटे रहे। बारिश के कारण सड़क पर फिसलन और यातायात पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को देखते हुए पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। चंडी चौक समेत प्रमुख कांवड़ मार्गों पर पुलिस बल लगातार तैनात है। एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने तथा भीड़ के दबाव के अनुसार पुलिस व्यवस्था को तत्काल समायोजित करने के निर्देश दिए।
शिवभक्तों को सुरक्षित तरीके से गंतव्य की ओर भेजा
चंडी चौक पर एसएसपी की मौजूदगी में पुलिसकर्मियों ने शिवभक्तों को कतारबद्ध एवं व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया। भीड़ को छोटे-छोटे समूहों में आगे रवाना किया गया, जिससे एक साथ अत्यधिक दबाव न बने। पुलिसकर्मी लगातार कांवड़ियों को मार्ग के संबंध में जानकारी देते हुए उन्हें सुरक्षित तरीके से उनके गंतव्य की ओर भेजते नजर आए। एसएसपी ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से कहा कि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिसकर्मी शिवभक्तों के साथ विनम्र व्यवहार रखें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराएं।
ग्राउंड जीरो पर लगातार नजर
कांवड़ मेले को लेकर हरिद्वार पुलिस द्वारा प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। एसएसपी स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि भीड़ के दबाव, यातायात और सुरक्षा से जुड़ी किसी भी चुनौती का मौके पर ही समाधान किया जा सके। चंडी चौक पर भीड़ का दबाव कम होने तक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शिवभक्तों की सुरक्षित आवाजाही के लिए मार्गों पर तैनात पुलिसकर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया है।
आस्था के सैलाब के बीच सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
कांवड़ मेले के अंतिम दौर में हरिद्वार में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। लगातार बारिश के बावजूद कांवड़ियों की संख्या में कमी नहीं आ रही है। ऐसे में पुलिस और प्रशासन के सामने भीड़ को सुरक्षित तरीके से गंतव्य तक पहुंचाने की बड़ी चुनौती है। एसएसपी के लगातार ग्राउंड जीरो पर उतरकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने से पुलिस बल भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।
हरिद्वार पुलिस का फोकस फिलहाल शिवभक्तों की सुरक्षित और सुगम आवाजाही, यातायात नियंत्रण तथा भीड़ प्रबंधन पर है। चंडी चौक समेत प्रमुख कांवड़ मार्गों पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बारिश और भीड़ के दबाव को देखते हुए किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरती जाए और शिवभक्तों को बिना किसी परेशानी के उनके गंतव्य की ओर रवाना किया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

