कुंभ कार्यों की समयबद्धता और गुणवत्ता पर मेला प्रशासन की सख्ती

WhatsApp Channel Join Now
कुंभ कार्यों की समयबद्धता और गुणवत्ता पर मेला प्रशासन की सख्ती


हरिद्वार, 28 सितंबर (हि.स.)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत निर्माण और विकास कार्यों को समय पर व गुणवत्तापूर्वक पूरा कराने के लिए मेला प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था तेज कर दी है। मेला क्षेत्र में चल रहे कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता जांच और निरीक्षण रिपोर्ट तत्काल मेला नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

मेलाधिकारी सोनिका ने सोमवार को मेला नियंत्रण भवन में निगरानी अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कार्यों की समीक्षा करते हुए नियमित स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिए और कार्यस्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी मजबूत करने व कैमरों को लगातार चालू रखने को कहा।

मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ के सभी स्वीकृत कार्य तय समयसीमा में पूरे होने हैं। बड़ी योजनाओं को दिन-रात काम कराकर पूरा किया जाए और गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन हो। सभी कार्यों की नियमित थर्ड पार्टी गुणवत्ता जांच कराई जाए, कमी मिलने पर तत्काल सुधार हो और लापरवाही पर कार्रवाई की जाए।

उन्होंने हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल और टिहरी गढ़वाल के जिला स्तरीय अधिकारियों व एसडीएम को स्थायी-अस्थायी कार्यों का नियमित निरीक्षण कर स्वीकृत डीपीआर के अनुरूप काम सुनिश्चित करने को कहा। थर्ड पार्टी जांच में मिली कमियों का मौके पर सत्यापन और जरूरत पड़ने पर अन्य विभागों के अभियंताओं से तकनीकी जांच कराने के निर्देश दिए।

सेक्टरों में शिविर, सुविधा और पार्किंग के लिए मेला भूमि की सफाई-समतलीकरण तेज करने, अस्थायी कार्य से पहले और बाद में ड्रोन वीडियोग्राफी अनिवार्य करने तथा आंतरिक पार्किंग चिन्हीकरण के लिए अपर मेलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी और सचिव एचआरडीए की समिति गठित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एडीएम वैभव गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story