हरिद्वार में कांवड़ यात्रा की तैयारियां तेज, 25 जुलाई तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार में कांवड़ यात्रा की तैयारियां तेज, 25 जुलाई तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश


हरिद्वार, 05 जुलाई (हि.स.)। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए हरिद्वार प्रशासन ने तैयारियों में तेजी ला दी है। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी संबंधित विभागों को 25 जुलाई तक सभी मूलभूत सुविधाएं और आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा हाल ही में प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में की गई थी। बैठक में सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने और आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद विभिन्न विभागों ने धरातल पर कार्यों की गति बढ़ा दी है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि श्रद्धालुओं की सुविधा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक कार्य पूरे कर लिए जाएं ताकि लाखों शिवभक्तों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी महेश विश्नोई ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में कांवड़ पटरी मार्ग पर झाड़ी कटान का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। लिवरहेडी से मोहम्मदपुर झाल तथा उत्तरा टेक कॉलेज से कलियर की ओर जाने वाले पैदल मार्गों को साफ और सुरक्षित बनाया जा रहा है। इसके अलावा जिला पंचायत क्षेत्र में आने वाले सभी सार्वजनिक शौचालयों और स्नानघरों की मरम्मत एवं स्वच्छता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि कांवड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

वहीं सिंचाई विभाग रुड़की की ओर से कांवड़ पटरी मार्ग के किनारे स्थित नालियों की सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया है, जिससे जलभराव और गंदगी की समस्या से बचा जा सके। दूसरी ओर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (द्वारा यात्रा मार्ग की सड़कों की मरम्मत, गड्ढों को भरने और डामरीकरण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।

अपर मुख्य अधिकारी महेश विश्नोई ने बताया कि सभी विभागों की टीमें लगातार मैदान में काम कर रही हैं और निर्धारित समय-सीमा से पहले ही कांवड़ यात्रा मार्ग को पूरी तरह साफ, सुरक्षित और सुगम बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

हर वर्ष सावन मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा में देशभर से लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचकर गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना होते हैं। श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन इस बार भी यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story