कांवड़ मेला : पंतद्वीप पार्किंग में गंदगी और अतिक्रमण पर एक लाख का जुर्माना
हरिद्वार, 18 जुलाई (हि.स.)। आगामी कांवड़ मेले को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने शनिवार को शहर के प्रमुख पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बैरागी कैंप, दक्ष द्वीप और पंतद्वीप पार्किंग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
पंतद्वीप पार्किंग के निरीक्षण के दौरान गंदगी और निर्धारित सीमा से अधिक दुकानें लगाकर किए गए अतिक्रमण पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित ठेकेदार पर सफाई व्यवस्था में लापरवाही के लिए 50 हजार और अतिरिक्त दुकानें लगाकर अतिक्रमण करने पर 50 हजार, कुल 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाने का आदेश सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को दिया। साथ ही पार्किंग क्षेत्र से अवैध अतिक्रमण तत्काल हटाने के आदेश भी मौके पर ही जारी किए।
इसके अलावा उप राजस्व अधिकारी, सिंचाई विभाग को सफाई व्यवस्था में लापरवाही और आवंटित संख्या से अधिक दुकानें लगाए जाने के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ मेले से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था 25 जुलाई तक हर हाल में पूरी कर ली जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए मेले का संचालन सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाना सुनिश्चित करें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने भी अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंतद्वीप पार्किंग में अतिक्रमण हटाने के लिए एसपी ट्रैफिक और एसपी सिटी को पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सीओ ट्रैफिक बिपेंदर सिंह, उप मेला अधिकारी (कुंभ) मंजीत सिंह, सीपीयू प्रभारी हितेश, ट्रैफिक इंचार्ज संदीप, अधिशासी अभियंता सिंचाई खुशवंत सिंह चौहान, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश मेहरा, जल निगम के राजेश गुप्ता, जल संस्थान के विपिन चौहान आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

