कांवड़ मेला के दौरान हरिद्वार में 30 जुलाई से 11 अगस्त तक सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

WhatsApp Channel Join Now
कांवड़ मेला के दौरान हरिद्वार में 30 जुलाई से 11 अगस्त तक सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद


हरिद्वार, 25 जुलाई (हि.स.)। श्रावण कांवड़ मेला-2026 के दौरान बढ़ती भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों, तकनीकी संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक अवकाश घोषित कर दिया है।

जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार कांवड़ मेले के दौरान प्रमुख मार्गों पर भारी संख्या में कांवड़ यात्रियों के आवागमन के कारण यातायात डायवर्जन और मार्ग बंद रहने की व्यवस्था लागू रहेगी। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और आवागमन में संभावित कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

हालांकि, विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सभी शिक्षण संस्थानों को अवकाश अवधि में ऑनलाइन शिक्षण कार्य नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों, विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कांवड़ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था, जनसुरक्षा और विद्यार्थियों के हितों का प्रभावी संरक्षण किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story