कांवड़ मेला को लेकर 25 जुलाई तक तैयारियां पूरी करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
कांवड़ मेला को लेकर 25 जुलाई तक तैयारियां पूरी करने के निर्देश


देहरादून, 07 जुलाई (हि.स.)। कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों को लेकर देहरादून जिला प्रशासन ने सभी विभागों को 25 जुलाई तक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। कांवड़ मेला 30 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजित होगा।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को देहरादून कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और धार्मिक आस्था के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन के अनुसार कांवड़ मेला 30 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजित होगा। 31 जुलाई से चार अगस्त तक श्रद्धालुओं की सर्वाधिक भीड़ रहने की संभावना है, जबकि आठ से 11 अगस्त तक डाक कांवड़ का संचालन होगा। 11 अगस्त को शिवालयों में जलाभिषेक के साथ यात्रा संपन्न होगी।

बैठक में पुलिस विभाग ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरे कांवड़ मार्ग को चार जोन और 13 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। परिवहन विभाग को सीमावर्ती क्षेत्रों में वाहनों की सघन जांच, ओवरलोडिंग पर रोक तथा यातायात को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने अवैध दुकानों और फर्जी नाम से संचालित होटल और ढाबों के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए। पर्यटन विभाग को सभी होटल एवं ढाबा संचालकों का सत्यापन कराने, जबकि खाद्य सुरक्षा विभाग को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच और सभी प्रतिष्ठानों पर रेट सूची प्रदर्शित कराने को कहा गया है। अधिक मूल्य वसूलने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग को कांवड़ मार्ग की मरम्मत, पुलों की रेलिंग दुरुस्त करने तथा स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को गंगा घाटों पर सुरक्षा प्रबंध, नगर निगम को सफाई, फॉगिंग और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को कांवड़ मार्ग पर 24 घंटे चिकित्सा दल, एम्बुलेंस, जीवनरक्षक उपकरण और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा विद्युत विभाग को ढीले तार हटाने, जल संस्थान को पेयजल एवं अस्थायी शौचालयों में जलापूर्ति और वन विभाग को जंगली जानवरों से सुरक्षा के उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि तैयारियों की नियमित निगरानी की जाएगी और वह स्वयं विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, पुलिस अधीक्षक जया बलूनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story