कांवड़ मेला : 11वें दिन 31,739 शिवभक्तों का हुआ निशुल्क उपचार, अब तक 1.93 लाख से अधिक को मिली स्वास्थ्य सुविधा

WhatsApp Channel Join Now
कांवड़ मेला : 11वें दिन 31,739 शिवभक्तों का हुआ निशुल्क उपचार, अब तक 1.93 लाख से अधिक को मिली स्वास्थ्य सुविधा


हरिद्वार, 09 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ मेला के 11वें दिन भी स्वास्थ्य विभाग शिवभक्तों की सेवा में मुस्तैद रहा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर के सिंह के निर्देशन में जनपद में कांवड़ पटरी मार्ग सहित 32 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर संचालित किए जा रहे हैं, जहां शिवभक्तों का स्वास्थ्य खराब होने या चोट लगने पर तत्काल निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा हैजिला अस्पताल के सीएमएस एवं कांवड़ मेला के दौरान स्वास्थ्य एवं चिकित्सा के नोडल अधिकारी बनाए गए डॉ. राजेश गुप्ता ने बताया कि शनिवार को विभिन्न शिविरों में 31,739 शिवभक्तों का निशुल्क उपचार किया गया। यात्रा शुरू होने से अब तक कुल 1 लाख 93 हजार 374 शिवभक्तों को स्वास्थ्य सेवाएं दी जा चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा में पहली बार 05 मेडिकल मोबाइल यूनिट को शामिल किया गया है। ये मोबाइल यूनिट कांवड़ मार्ग पर लगातार भ्रमण कर रही हैं और मार्ग में बीमार पड़ने वाले या थकान से परेशान शिवभक्तों को मौके पर ही चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रही हैं।

सीएमओ डॉ.आर.के. सिंह ने शिवभक्तों से अपील की कि यात्रा के दौरान गर्मी और भीड़ को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, बीच-बीच में विश्राम करें और पैदल चलने के कारण पैरों में छाले या दर्द की स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श लें।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story