कांवड़ियों की सेवा-सहयोग करना हम सभी का कर्तव्य: विष्णु दास

WhatsApp Channel Join Now
कांवड़ियों की सेवा-सहयोग करना हम सभी का कर्तव्य: विष्णु दास


हरिद्वार, 10 अगस्त (हि.स.)। श्रावण कांवड़ मेले के दौरान शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा के लिए श्रवणनाथ नगर स्थित श्रीगुरु सेवक निवास उछाली आश्रम में लगाए गए सेवा शिविर में श्रद्धालुओं की सेवा लगातार जारी है। कांवड़ मेला संपन्न होने तक चलने वाले इस शिविर में प्रतिदिन सुबह दस बजे से देर सायंकाल तक शिवभक्तों को भोजन, पेयजल और चाय उपलब्ध कराई जा रही है।

सोमवार को बारिश के बीच भी आश्रम परिसर में सेवा का सिलसिला पूरी तत्परता के साथ चलता रहा। दिनभर आश्रम परिसर में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। बारिश की परवाह किए बिना बड़ी संख्या में कांवड़िये शिविर में पहुंचते रहे, जहां आश्रम के सेवादारों ने उन्हें भोजन कराया और पेयजल व चाय उपलब्ध कराई। उछाली आश्रम के परमाध्यक्ष महंत विष्णु दास स्वयं कांवड़ियों के लिए भोजन की व्यवस्थाओं में जुटे रहे। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा करना भगवान शिव की सेवा के समान है। कांवड़िये कठिन और लंबी यात्रा कर हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे में उनकी सेवा और सहयोग करना हम सभी का कर्तव्य है। कांवड़ियों को भोजन कराते हुए महंत विष्णु दास ने शिवभक्तों से यात्रा के दौरान संयम और धैर्य बनाए रखने की अपील की।

बारिश के बावजूद लगातार चल रहे इस सेवा कार्य से कांवड़ यात्रा में श्रद्धा के साथ सेवा और सहयोग की भावना भी देखने को मिल रही है। आश्रम के सेवादार पूरी निष्ठा के साथ शिवभक्तों की सेवा में जुटे हुए हैं। सेवा कार्य में महंत प्रेम दास, महंत सीताराम दास, महंत कन्हैया दास, स्वामी राघवेन्द्र दास, पुनीत दास, अमन दास, सुभाष जसवाणी, सुरेश खेड़ा, रमेश खनेजा सहित आश्रम के अन्य सेवादार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story