कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, सेवा, श्रद्धा और समर्पण का पर्व: विष्णु दास

WhatsApp Channel Join Now
कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, सेवा, श्रद्धा और समर्पण का पर्व: विष्णु दास


हरिद्वार, 09 अगस्त (हि.स.)। धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सेवा के लिए श्री गुरु सेवक निवास उछाली आश्रम, श्रवणनाथ नगर में कांवड़ सेवा शिविर लगातार जारी है। मेला शुरू होने के साथ ही आश्रम की ओर से लगाए गए सेवा शिविर में दूर-दराज क्षेत्रों से हरिद्वार पहुंच रहे कांवड़ियों के लिए भोजन, जलपान, चाय और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

शिविर में सुबह 10 बजे से ही कांवड़ियों के लिए भोजन और जलपान की सेवा शुरू हो जाती है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए आश्रम की ओर से व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है। सेवादार पूरे सेवा भाव के साथ शिवभक्तों को भोजन कराने के साथ उनके विश्राम और अन्य जरूरतों का भी ध्यान रख रहे हैं।

उछाली आश्रम के महंत विष्णु दास महाराज ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, श्रद्धा और समर्पण का पर्व भी है। शिवभक्तों की सेवा करना भगवान शिव की सेवा के समान है। उन्होंने कहा कि आश्रम की ओर से प्रयास किया जा रहा है कि हरिद्वार पहुंचने वाले कांवड़ियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

महंत विष्णु दास महाराज ने शिवभक्तों से यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने, प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि गंगा नगरी हरिद्वार में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की जिम्मेदारी है कि वह धार्मिक वातावरण की गरिमा बनाए रखने के साथ गंगा की स्वच्छता में भी सहयोग करे।

सेवा शिविर में युवाओं और श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सेवादार लगातार कांवड़ियों की सेवा में जुटे हुए हैं। सेवा कार्य में महंत प्रेम दास, महंत सीताराम दास, महंत कन्हैया दास, राघवेन्द्र दास, पुनीत दास, अमन दास, सुभाष, सुरेश खेड़ा, रमेश खनिज सहित कई स्वयंसेवक सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story