उछाली आश्रम का कांवड़ सेवा शिविर दसवें दिन भी जारी

WhatsApp Channel Join Now
उछाली आश्रम का कांवड़ सेवा शिविर दसवें दिन भी जारी


हरिद्वार, 8 अगस्त (हि.स.)। श्रावण कांवड़ मेले के दौरान श्री गुरु सेवक निवास उछाली आश्रम, श्रवणनाथ नगर में चल रहा कांवड़ सेवा शिविर शनिवार को दसवें दिन भी जारी रहा। आश्रम की ओर से पिछले कई वर्षों से आयोजित किए जा रहे इस शिविर में देशभर से हरिद्वार पहुंच रहे कांवड़ियों को भोजन, पेयजल, चाय और फल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

शनिवार को बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने आश्रम पहुंचकर भोजन और जलपान ग्रहण किया। शिविर में तैनात सेवादार कांवड़ियों की जरूरत के अनुसार उनकी सहायता में जुटे रहे।

उछाली आश्रम के परमाध्यक्ष महंत विष्णु दास महाराज ने कहा कि कांवड़ यात्रा श्रद्धा, आस्था और सेवा का पर्व है। देश के विभिन्न हिस्सों से हरिद्वार पहुंचने वाले शिवभक्तों की सेवा करना पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि आश्रम की ओर से कांवड़ियों को हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है और कांवड़ मेला समाप्त होने तक सेवा कार्य जारी रहेगा।

महंत विष्णु दास ने कांवड़ियों से यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने और पुलिस-प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखना भी प्रत्येक शिवभक्त की जिम्मेदारी है। कांवड़ियों को प्लास्टिक और अन्य कचरा सड़क अथवा आसपास के क्षेत्रों में नहीं फेंकना चाहिए तथा निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालना चाहिए।

सेवा कार्य में महंत प्रेम दास, महंत सीताराम दास, महंत कन्हैया दास, राघवेन्द्र दास, पुनीत दास, अमन दास, सुभाष जसवाणी, सुरेश खेड़ा और रमेश खनेजा सहित आश्रम के अन्य सेवादार सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story