दक्ष मंदिर में दर्शन के दौरान शिवभक्त को मिर्गी का दौरा, पुलिस ने की मदद
हरिद्वार, 05 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ मेला के दौरान पुलिस लगातार शिवभक्तों की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभा रही है। इसी क्रम में बुधवार को कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करने आए एक शिवभक्त को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ गया। दौरे के कारण श्रद्धालु अचानक जमीन पर गिर पड़े, जिससे उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आ गईं।
घटना की सूचना मिलते ही मंदिर परिसर में ड्यूटी पर तैनात रिक्रूट आरक्षी अनुज तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना घबराए घायल श्रद्धालु को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। श्रद्धालु की स्थिति को देखते हुए आरक्षी अनुज ने तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा को मौके पर बुलाया।
एम्बुलेंस पहुंचने के बाद घायल शिवभक्त को प्राथमिक चिकित्सा के साथ बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। समय पर मिली सहायता से श्रद्धालु को शीघ्र चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध हो सकी। कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच पुलिस केवल सुरक्षा व्यवस्था ही नहीं, बल्कि मानवता और सेवा का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। पुलिसकर्मी लगातार भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, मंदिरों और प्रमुख मार्गों पर सतर्क रहते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और सहायता पहुंचा रहे हैं।
पुलिस ने कहा कि कांवड़ मेले में आने वाले प्रत्येक शिवभक्त की सुरक्षा, सुविधा और आपातकालीन सहायता उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं से भी अपील की गई है कि यदि किसी व्यक्ति की तबीयत बिगड़ती है या कोई आपात स्थिति उत्पन्न होती है तो तुरंत ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों या आपातकालीन सेवाओं को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

