जिलाधिकारी-एसएसपी ने किया कांवड़ियों का स्वागत, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी-एसएसपी ने किया कांवड़ियों का स्वागत, व्यवस्थाओं का लिया जायजा


हरिद्वार, 02 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में रविवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह अधिकारियों के साथ शंकराचार्य चौक पहुंचे और कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने फूल कांवड़ लेकर जा रहे शिवभक्तों का फूलमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। दोनों अधिकारियों ने श्रद्धालुओं का हालचाल जाना और उन्हें फल, जूस, पेयजल तथा अन्य अल्पाहार वितरित कर शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर एसएसपी नवनीत सिंह ने कांवड़ियों से यात्रा के दौरान मिल रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक भी लिया। श्रद्धालुओं द्वारा बताई गई समस्याओं और सुझावों पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

कांवड़ियों ने जिला प्रशासन और हरिद्वार पुलिस की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। श्रद्धालु बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना होते रहे।

प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के समापन तक सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि लाखों शिवभक्तों की यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story