कांवड़ मेले से पहले डीएम ने किया चंडी देवी मंदिर का निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
कांवड़ मेले से पहले डीएम ने किया चंडी देवी मंदिर का निरीक्षण


हरिद्वार, 18 जुलाई (हि.स.)। आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शनिवार को मां चंडी देवी मंदिर परिसर एवं मंदिर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मेले के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर, पैदल मार्ग, सीढ़ियों, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा आसपास के क्षेत्रों में नियमित और प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे मेले के दौरान स्वच्छता व्यवस्था लगातार बनी रहनी चाहिए और कूड़ा-करकट का समय-समय पर निस्तारण किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।

डीएम ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मंदिर परिसर और मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, भीड़ प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच कर उन्हें पूरी तरह दुरुस्त रखने और सुरक्षा उपकरणों को सक्रिय अवस्था में रखने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने मंदिर परिसर और मार्ग पर किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं अतिक्रमण पाया जाता है तो संबंधित विभाग तत्काल उसे हटाकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story