कांवड़ खंडित होने पर पुलिस की तत्परता, हर की पैड़ी से दोबारा गंगाजल दिलाकर शिवभक्त को किया रवाना

WhatsApp Channel Join Now
कांवड़ खंडित होने पर पुलिस की तत्परता, हर की पैड़ी से दोबारा गंगाजल दिलाकर शिवभक्त को किया रवाना


हरिद्वार, 07 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ यात्रा के दौरान रुड़की में एक शिवभक्त की कांवड़ खंडित होने के बाद तनाव की स्थिति बन गई, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई और समझदारी से मामला शांतिपूर्वक सुलझा लिया गया। पुलिस ने शिवभक्त को हर की पैड़ी से दोबारा गंगाजल उपलब्ध कराकर उसके गंतव्य के लिए रवाना किया।

घटना शुक्रवार को नहर पटरी स्थित संतोषी माता मंदिर के पास हुई। जानकारी के अनुसार, मेरठ के मोहिद्दीनपुर गावड़ी निवासी लक्की अपने भाइयों के साथ 51 लीटर की कांवड़ लेकर गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रुड़की निवासी राहुल का हाथ लगने से कांवड़ असंतुलित होकर गिर गई और खंडित हो गई।

घटना के बाद मौके पर तैनात होमगार्ड प्रमोद शर्मा और पीसी सोकुमार ने स्थिति को संभालने और शिवभक्त को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन वह आक्रोशित हो गए। सूचना मिलते ही सेक्टर पुलिस अधिकारी उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार अपनी पुलिस टीम और एसपीओ मयंक गौतम के साथ मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर पूरे मामले का शांतिपूर्ण समाधान कराया।

पुलिस ने घटना में शामिल व्यक्ति को आवश्यक कार्रवाई के लिए कोतवाली रुड़की भेज दिया। वहीं, हेड कॉन्स्टेबल अरविंद के साथ शिवभक्त लक्की को हर की पैड़ी भेजा गया, जहां से दोबारा गंगाजल भरवाकर उन्हें सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

हरिद्वार पुलिस की इस संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई की मौके पर मौजूद लोगों और अन्य कांवडि़यों ने सराहना की। शिवभक्तों ने पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस ने उनकी आस्था का सम्मान करते हुए समय रहते समस्या का समाधान किया।

हरिद्वार पुलिस ने सभी कांवडि़यों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी छोटी-छोटी बात पर उग्र न हों। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करें। पुलिस हर स्तर पर सहायता और समाधान के लिए पूरी तरह तैयार है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story