यूपी-उत्तराखंड पुलिस का समन्वय बढ़ा, सुरक्षित और सुगम होगी कांवड़ यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
यूपी-उत्तराखंड पुलिस का समन्वय बढ़ा, सुरक्षित और सुगम होगी कांवड़ यात्रा


हरिद्वार, 03 जुलाई (हि.स.)। आगामी कांवड़ मेला-2026 को सकुशल, सुरक्षित और निर्विवाद रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस के बीच समन्वय को और मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण बॉर्डर मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में दोनों राज्यों के अधिकारियों ने यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और कांवड़ सेवा शिविरों की तैयारियों पर चर्चा कर संयुक्त रणनीति तैयार की।

क्षेत्राधिकारी लक्सर देवेन्द्र सिंह नेगी के निर्देशन में खानपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के कोतवाली भोपा और कोतवाली पुरकाजी (मुजफ्फरनगर) के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर हाईवे की स्थिति, कांवड़ मार्ग, डाइवर्जन प्लान और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों ने बड़ी संख्या में आने वाले शिवभक्तों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए आपसी तालमेल के साथ कार्य करने पर सहमति जताई।

बैठक में विशेष रूप से कांवड़ सेवा शिविरों, भजन-कीर्तन, यज्ञ, भंडारे और अन्य धार्मिक आयोजनों के स्थानों पर भी चर्चा की गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की जा सकें।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेले के दौरान दोनों राज्यों Mकी पुलिस लगातार समन्वय बनाए रखेगी। सूचना के त्वरित आदान-प्रदान, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी और प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन के माध्यम से श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाया जाएगा।

बैठक में सीओ लक्सर देवेन्द्र सिंह नेगी, प्रभारी निरीक्षक खानपुर, प्रभारी निरीक्षक भोपा नरेन्द्र कुमार, थानाध्यक्ष पुरकाजी मानमेन्द्र भाटी, चौकी प्रभारी कम्हेड़ा सहित दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story