कनखल में जेवरात चोरी का खुलासा,पड़ोसी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कनखल में जेवरात चोरी का खुलासा,पड़ोसी गिरफ्तार


कनखल में जेवरात चोरी का खुलासा,पड़ोसी गिरफ्तार


हरिद्वार, 6 अक्टूबर (हि.स.)। हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र स्थित गुरुबक्श विहार में घर से सोने-चांदी के जेवरात चोरी के मामले का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, चोरी का आरोप पीड़ित के पड़ोस में रहने वाली महिला पर है। उसके कब्जे से करीब पांच लाख रुपये कीमत के चोरी किए गए जेवरात बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, गुरुबक्श विहार निवासी नितिन राठी ने दो अक्टूबर को कनखल थाने में तहरीर देकर बताया था कि एक अक्टूबर को उनके घर से अज्ञात व्यक्ति सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास पूछताछ करने के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान उसी भवन में रहने वाली एक महिला पर पुलिस का शक गहरा गया।

पुलिस ने आज महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए जेवरात बरामद कर लिए। बरामद जेवरात की बाजार कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपित महिला का चालान कर उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story