दरगाह के पास अवैध पशु कटान का भंडाफोड़, 230 किलो मांस बरामद
हरिद्वार, 03 अक्टूबर (हि.स.)। हरिद्वार जिले के कलियर क्षेत्र में पुलिस ने अवैध पशु कटान के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 230 किलो भैंसवंशीय पशु मांस और कटान के उपकरण बरामद किए। पुलिस की कार्रवाई के दौरान दो आरोपित मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कलियर पुलिस और गौवंश संरक्षण स्क्वाड गढ़वाल रेंज की संयुक्त टीम रात में क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान टीम इमाम साहब की दरगाह के पास पहुंची। वहां एक घेर में दो व्यक्ति कथित तौर पर बिना लाइसेंस पशु कटान करते मिले। पुलिस टीम को देखते ही दोनों मौके से भाग निकले।
तलाशी लेने पर मौके से करीब 230 किलो भैंसवंशीय पशु मांस और पशु कटान में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों फरार आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(ठ) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने कहा कि अवैध पशु कटान, पशु तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

