डेढ़ साल की मासूम को गोद में लेकर मां ने गंगनहर में लगाई छलांग, तलाश जारी

WhatsApp Channel Join Now
डेढ़ साल की मासूम को गोद में लेकर मां ने गंगनहर में लगाई छलांग, तलाश जारी


डेढ़ साल की मासूम को गोद में लेकर मां ने गंगनहर में लगाई छलांग, तलाश जारी


हरिद्वार, 12 जुलाई (हि.स.)। धनौरी मार्ग स्थित डीपीएस, दौलतपुर के समीप रविवार को एक घटना सामने आई। एक महिला अपनी डेढ़ साल की मासूम बेटी को गोद में लेकर गंगनहर में कूद गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार, धनौरी के कोटा मुरादनगर निवासी अर्जुन(35) अपनी पत्नी सरिता(30) और डेढ़ साल की बेटी के साथ बाइक से पत्नी के मायके रायपुर दरेड़ा,थाना बहादराबाद जा रहा था। बताया गया कि दिल्ली पब्लिक स्कूल, दौलतपुर के पास बाइक रुकते ही सरिता अचानक उतरी और अपनी मासूम बच्ची को गोद में लेकर गंगनहर में छलांग लगा दी।

पति के शोर मचाने पर राहगीरों की भीड़ जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जल पुलिस की टीम को बुलाकर गंगनहर में सर्च अभियान शुरू कराया। महिला और बच्ची का समाचार लिखे जाने तक कोई सुराग नहीं लग सका था।

पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है, जबकि जल पुलिस लगातार गंगनहर में मां-बेटी की तलाश में जुटी हुई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story