डीएम की पहल पर रेडक्रास ने जुम्मा गांव हादसे में घायल मासूम को दी आर्थिक मदद

WhatsApp Channel Join Now
डीएम की पहल पर रेडक्रास ने जुम्मा गांव हादसे में घायल मासूम को दी आर्थिक मदद


पिथौरागढ़, 07 अप्रैल (हि.स.)। पिथौरागढ़ जिले के धारचूला क्षेत्र के जुम्मा गांव में सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक हादसे में घायल मासूम बच्ची के लिए जिला प्रशासन देवदूत बनकर सामने आया। जिलाधिकारी की पहल पर जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के माध्यम से पीड़ित परिवार को 10 हजार रुपये की त्वरित आर्थिक सहायता दी।

दरअसल, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत एलागाड़ से जुम्मा मोटर मार्ग के निर्माण के दौरान जेसीबी मशीन से गिरे पत्थरों की चपेट में आकर दो मासूम बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं थीं। इनमें चार वर्षीय पार्वती धामी को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल बच्चियों को धारचूला अस्पताल पहुंचाया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ के लिए रेफर किया गया।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने इस मामले का संज्ञान लिया और जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के माध्यम से तत्काल आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए। इसके बाद जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के माध्यम से पीड़ित परिवार को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता और बच्ची के समुचित उपचार का आश्वासन दिया है। डीएम ने संबंधित विभागों को घटना की जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story