जिला योजना समिति चुनाव की तैयारी शुरू, मतदाता सूची का कार्यक्रम जारी

WhatsApp Channel Join Now
जिला योजना समिति चुनाव की तैयारी शुरू, मतदाता सूची का कार्यक्रम जारी


हरिद्वार, 07 सितंबर (हि.स.)। जिला योजना समिति के निर्वाचन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के बाद जिला मजिस्ट्रेट एवं रिटर्निंग अधिकारी मयूर दीक्षित ने निर्वाचक नामावली तैयार करने का कार्यक्रम जारी कर दिया है।

जारी कार्यक्रम के अनुसार 8 सितंबर 2026 को निर्वाचक नामावली के आलेख्य का प्रकाशन किया जाएगा।

इसके बाद 10 सितंबर तक संबंधित निर्वाचित सभासद और सदस्य नामावली का निरीक्षण कर दावा-आपत्ति दाखिल कर सकेंगे। प्राप्त दावा-आपत्तियों का निस्तारण 12 सितंबर को किया जाएगा और 15 सितंबर को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी।

इस प्रक्रिया में जनपद के सभी नगर निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है।

इसमें नगर निगम हरिद्वार, नगर निगम रुड़की, नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर, नगर पालिका मंगलौर, लक्सर, पाडली गुर्जर, रामपुर, बिहारीगढ़ नहीं बल्कि बेहड़ेकी सैदाबाद, झबरेड़ा, सुल्तानपुर आदमपुर, लंढौरा, पिरान कलियर, भगवानपुर और इमलीखेड़ा के सभासदों की मतदाता सूची तैयार होगी।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि दावा-आपत्ति दाखिल करने और उसके निस्तारण की पूरी प्रक्रिया जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय में होगी।

उन्होंने सभी नगर निकायों, तहसीलों और संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम को नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित करने और व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे तय समय सीमा में मतदाता सूची का अवलोकन कर लें और यदि कोई त्रुटि हो तो दावा-आपत्ति जरूर दर्ज कराएं, ताकि अंतिम सूची त्रुटिरहित और पारदर्शी बन सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story