पौड़ी में दो साल से पशुक्षति के मुआवजे के लिए भड़क रहे प्रभावित

WhatsApp Channel Join Now
पौड़ी में दो साल से पशुक्षति के मुआवजे के लिए भड़क रहे प्रभावित


पौड़ी गढ़वाल, 16 नवंबर (हि.स.)।जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने जनता दर्शन में दो साल पुराने पशुक्षति के मामले में अब तक प्रभावित को मुआवजा नहीं मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने वन विभाग को तत्काल प्रकरण का निस्तारण कर प्रभावित को मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि यदि संबंधित दस्तावेज विभागीय स्तर पर खो गए हैं तो इसकी जिम्मेदारी भी वन विभाग की होगी।

सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने पेयजल, सड़क, बिजली, वन्यजीवों और अन्य समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। डीएम ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि जांच और अन्य कार्रवाई से जुड़े मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।

बीजीआर परिसर में निर्माण कार्य के दौरान पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से दो दिन से पानी की आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर जल संस्थान को तत्काल लाइन की मरम्मत कराने को कहा। कोटद्वार में खोह नदी के समीप पुश्ता ढहने के मामले में तत्काल काम शुरू करने के निर्देश दिए।

खोला गांव में लाइनमैन की अन्यत्र ड्यूटी लगाए जाने से कर्मचारी उपलब्ध नहीं होने की शिकायत पर तत्काल कर्मचारी तैनात करने को कहा। वहीं, कोटद्वार में टेलीफोन के तार झूलने की शिकायत पर भी संबंधित विभाग को मरम्मत के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777913 Articles

Share this story