'जन-जन की सरकार-जन-जन के द्वार' अभियान के दूसरे चरण में 1.34 लाख से अधिक लोगों की भागीदारी

WhatsApp Channel Join Now
'जन-जन की सरकार-जन-जन के द्वार' अभियान के दूसरे चरण में 1.34 लाख से अधिक लोगों की भागीदारी


देहरादून, 02 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में संचालित 'जन-जन की सरकार-जन-जन के द्वार' अभियान के दूसरे चरण में अब तक 1 लाख 34 हजार 740 लोगों ने भागीदारी की है। पहले और दूसरे चरण को मिलाकर इस अभियान में कुल जनभागीदारी साढ़े छह लाख से अधिक हो चुकी है।

जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित इस अभियान के तहत जिला, ब्लॉक और तहसील स्तर पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में शिकायतों का निस्तारण कर रहे हैं। साथ ही पात्र लाभार्थियों को समाज कल्याण पेंशन, आयुष्मान कार्ड, चिकित्सा एवं कृषि उपकरण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ तथा आवश्यक प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

चार जुलाई से शुरू हुए अभियान के दूसरे चरण में अब तक 198 शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों में प्राप्त 23 हजार 219 शिकायतों में से 20 हजार 808 का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि 81 हजार 753 लोगों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

सरकार के अनुसार, दिसंबर माह में चलाए गए पहले चरण के 45 दिवसीय अभियान के दौरान 681 शिविर आयोजित किए गए थे, जिनमें 5 लाख 33 हजार 452 नागरिकों ने भागीदारी की थी। उस दौरान करीब 33 हजार शिकायतों का त्वरित समाधान किया गया था। शासन का कहना है कि इस पहल को सुशासन की एक बेहतर कार्यप्रणाली के रूप में भी सराहा गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' अभियान के माध्यम से प्रशासन स्वयं लोगों के बीच पहुंचकर उनकी शिकायतों का त्वरित निस्तारण कर रहा है। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। हमारी सरकार सरलीकरण, समाधान और जनसंतुष्टि के संकल्प के साथ निरंतर जनता की सेवा में समर्पित है।

---

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story