करुणा, मानवता व दयालुता की प्रतिमूर्ति थे जलाराम बापा: भक्त दुर्गादास

WhatsApp Channel Join Now
करुणा, मानवता व दयालुता की प्रतिमूर्ति थे जलाराम बापा: भक्त दुर्गादास


हरिद्वार, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तरी हरिद्वार स्थित पवित्र गुफा वैष्णोदेवी मंदिर माता लाल देवी में जलाराम बापा की 224वीं जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। गुजराती श्रद्धालुओं की बड़ी उपस्थिति में विशेष पूजा-अर्चना, हवन और आरती का आयोजन किया गया।

मंदिर परिसर में स्थापित जलाराम बापा की मूर्ति का विशेष श्रृंगार किया गया। विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से अनुष्ठान संपन्न कराया। सैकड़ों गुजराती श्रद्धालुओं व क्षेत्रवासियों ने बापा के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। अनुष्ठान के बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संतों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

मंदिर के संचालक भक्त दुर्गादास ने कहा कि जलाराम बापा करुणा, मानवता, सेवा, त्याग और दयालुता की प्रतिमूर्ति थे। उन्होंने अपना समूचा जीवन समाज की कुरीतियों को समाप्त करने व सनातन को मजबूत करने में लगाया। उनकी जयंती पर मंदिर में प्रतिवर्ष धार्मिक आयोजन किए जाते हैं।

उन्होंने कहा कि मंदिर में बापा की मूर्ति स्थापित होने के बाद यहां आने वाले श्रद्धालु माता लाल देवी के साथ ही बापा के भी दर्शन करते हैं। धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य लोगों को सेवा, सद्भाव और आध्यात्मिकता से जोड़ना है।

इस अवसर पर गुजरात से आए धर्मबाई, पालबाई, मेहरा बेन, धर्मेश भाई, पंडित हीरा जोशी, पंडित हेमंत थपलियाल, राकेश सकलानी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778227 Articles

Share this story