जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा, 96.96 प्रतिशत परिवारों को मिला जल संयोजन
हरिद्वार, 16 सितंबर (हि.स.)। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन, रोशनाबाद में जल जीवन मिशन की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति, घरेलू जल संयोजन तथा ‘हर घर जल’ प्रमाणीकरण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जनपद में कुल 2,49,092 परिवारों के सापेक्ष अब तक 2,41,513 परिवारों यानी 96.96 प्रतिशत को घरेलू जल संयोजन उपलब्ध कराया जा चुका है। इसके अलावा जनपद के कुल 473 राजस्व ग्रामों में से 458 ग्रामों में जल जीवन मिशन के अंतर्गत सभी कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं और इन ग्रामों का ‘हर घर जल’ प्रमाणीकरण भी किया जा चुका है।
अधिकारियों ने बताया कि जनपद में कुल 505 पेयजल योजनाएं स्वीकृत हैं, जिनमें से 430 योजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष योजनाओं पर कार्य तेजी से जारी है।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष पेयजल योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र परिवार तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाना जल जीवन मिशन का प्रमुख उद्देश्य है, इसलिए कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, गुणवत्ता नियंत्रण और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में जल जीवन मिशन के नोडल अधिकारी गम्भीर सिंह तोमर, अधिशासी अभियंता उत्तराखंड जल संस्थान विपिन चौहान, अधीक्षण अभियंता यशवीर मल्ल, जिला पंचायती राज अधिकारी एमएम खान, अधिशासी अभियंता जल निगम सुधीर कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

