उत्तराखंड के 12 बंद राजकीय आईटीआई आगामी सत्र से फिर होंगे संचालित

WhatsApp Channel Join Now

-शासन ने कौशल विकास एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए दिए निर्देश, संस्थानों के संचालन की औपचारिकताएं समयबद्ध पूरी करने को कहा

देहरादून, 13 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में युवाओं को व्यावसायिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश के 12 असंचालित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) को आगामी शैक्षिक सत्र से फिर संचालित किया जाएगा। शासन ने इसके लिए संबंधित विभाग को सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

सचिव कौशल विकास एवं सेवायोजन सी. रविशंकर ने इस संबंध में निदेशक, प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने राजकीय आईटीआई के संचालन और बंद किए जाने के संबंध में प्राप्त प्रस्तावों एवं तथ्यों का परीक्षण करने के बाद 12 संस्थानों को आगामी शैक्षिक सत्र से संचालित करने को कहा है।

इनमें पिथौरागढ़ जिले के थल और बढ़ावे, पौड़ी गढ़वाल के द्वारीखाल और पौड़ी (परसुंडाखाल), चमोली के देवाल और घाट, चम्पावत के बाराकोट, हरिद्वार के लालढांग, देहरादून के लाखामंडल, बागेश्वर के गरुड़, टिहरी गढ़वाल के रणाकोट तथा ऊधमसिंह नगर के किच्छा स्थित राजकीय आईटीआई शामिल हैं।

शासन के अनुसार, इन संस्थानों के दोबारा संचालन से संबंधित क्षेत्रों के युवाओं को अपने आसपास ही व्यावसायिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं के कौशल विकास के साथ रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776309 Articles

Share this story