आईटीबीपी जवानों को आयुर्वेद और योग के प्रति किया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now

हल्द्वानी, 23 सितंबर (हि.स.)। 11 वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के तहत बुधवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर हल्दूचौड़ की ओर से आईटीबीपी समेत विभिन्न स्थानों पर ‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान औषधीय पौधों का रोपण और स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया।

आईटीबीपी की 34वीं वाहिनी हल्दूचौड़ के रोशन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में आयुष्मान आरोग्य मंदिर के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक गिरी ने अधिकारियों और जवानों को आयुष जीवनशैली, स्वस्थ दिनचर्या और दैनिक जीवन में योग को शामिल करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पारंपरिक आयुर्वेदिक पद्धतियों और संतुलित जीवनशैली को अपनाकर स्वस्थ जीवन जिया जा सकता है।

आईटीबीपी के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा विज्ञान ने काफी प्रगति की है, लेकिन आयुर्वेद का अपना विशिष्ट महत्व आज भी बना हुआ है। वाहिनी के कमांडेंट राजेश जोशी ने डॉ. गिरी और उनकी टीम का आभार व्यक्त किया।

इससे पहले आयुष्मान आरोग्य मंदिर परिसर में औषधीय पौधों का रोपण किया गया और उनके औषधीय गुणों की जानकारी दी गई। आंगनबाड़ी केंद्र में भी आयुर्वेद के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य शिविर में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story