आईपीएस प्रशिक्षुओं ने सीखी आपदा प्रबंधन की बारीकियां

WhatsApp Channel Join Now
आईपीएस प्रशिक्षुओं ने सीखी आपदा प्रबंधन की बारीकियां


देहरादून, 19 अप्रैल (हि.स.)। सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (एसवीपीएनपीए), हैदराबाद में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 78 आर.आर. बैच के 86 प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों के दल ने रविवार को एसडीआरएफ वाहिनी, जॉलीग्रांट का शैक्षणिक भ्रमण किया। यह भ्रमण उप निदेशक चैतन्य सिरिप्रोलु के नेतृत्व में और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) उत्तराखंड दीपम सेठ के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

भ्रमण के दौरान एसडीआरएफ के सेनानायक ने प्रशिक्षु अधिकारियों को संगठन की कार्यप्रणाली, संरचना और आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी), जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), एनडीआरएफ, स्थानीय पुलिस एवं भारतीय सेना के साथ समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से अंजाम देती है।

प्रशिक्षु अधिकारियों को उत्तराखंड में घटित प्रमुख आपदाओं, जैसे सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू, धाराली और रेणी घटनाओं के बारे में भी अवगत कराया गया। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों, प्रतिकूल मौसम और सीमित संसाधनों के बीच संचालित सर्च एवं रेस्क्यू अभियानों के अनुभव साझा किए गए, जिसमें मल्टी-एजेंसी समन्वय, जोखिम आकलन और आधुनिक तकनीकों के उपयोग की भूमिका पर प्रकाश डाला गया।

इसके अतिरिक्त, एसडीआरएफ के कार्मिकों द्वारा आपदा के दौरान उपयोग में लाए जाने वाले आधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन भी किया गया, जिससे प्रशिक्षु अधिकारियों को उनके व्यावहारिक उपयोग की जानकारी मिली। भ्रमण के अंत में प्रशिक्षु अधिकारियों ने एसडीआरएफ के समर्पण, अनुशासन और पेशेवर दक्षता की सराहना करते हुए इसे अपने प्रशिक्षण का उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक अनुभव बताया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story