उत्तराखंड में बड़े स्तर पर आईपीएस, पीपीएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले, कई अहम जिम्मेदारियों में बदलाव

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में बड़े स्तर पर आईपीएस, पीपीएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले, कई अहम जिम्मेदारियों में बदलाव


उत्तराखंड में बड़े स्तर पर आईपीएस, पीपीएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले, कई अहम जिम्मेदारियों में बदलाव


देहरादून, 05 जून (हि.स.)। उत्तराखंड शासन ने पुलिस और प्रशासनिक महकमे में व्यापक फेरबदल करते हुए 13 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों सहित कई पीपीएस एवं पीसीएस अधिकारियों के स्थानांतरण और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। साथ ही एक आईपीएस अधिकारी को गृह विभाग में विशेष सचिव के पदभार से भी अवमुक्त किया गया है।

स्थानांतरण आदेशों के अनुसार निवेदिता कुकरेती कुमार को विशेष सचिव, गृह विभाग के पदभार से तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया गया है। शासन ने जनहित में यह निर्णय लेते हुए उन्हें वर्तमान दायित्वों से अवमुक्त करने के आदेश जारी किए हैं।

आईपीएस अधिकारियों में विम्मी सचदेवा को पुलिस महानिरीक्षक (पी एंड एम) से हटाकर पुलिस महानिरीक्षक दूरसंचार एवं फायर सर्विस बनाया गया है। रिद्धिम अग्रवाल को आईजी कुमाऊं परिक्षेत्र, नैनीताल से आईजी अपराध एवं कानून व्यवस्था तथा सीसीटीएनएस-एससीआरबी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कृष्ण कुमार वी.के. को आईजी दूरसंचार से स्थानांतरित कर पुलिस महानिरीक्षक यातायात एवं जीआरपी बनाया गया है। अनन्त शंकर ताकवाले को आईजी प्रशिक्षण एवं राज्य मानवाधिकार आयोग से आईजी सीआईडी नियुक्त किया गया है। सुनील कुमार मीणा को अपराध एवं कानून व्यवस्था से हटाकर आईजी कार्मिक, पीएसी एवं सचिव पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड का दायित्व दिया गया है।

योगेन्द्र सिंह रावत को आईजी एसडीआरएफ नियुक्त किया गया है, जबकि निवेदिता कुकरेती कुमार को आईजी एसडीआरएफ से आईजी कुमाऊं परिक्षेत्र, नैनीताल भेजा गया है। वरिन्द्रजीत सिंह को आईजी मुख्यालय (पी एंड एम) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं नीलेश आनंद भरणे से पीएसी एवं सचिव पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है।

अन्य आदेशों में आयुष अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला-2027 हरिद्वार को 40वीं वाहिनी पीएसी, हरिद्वार के सेनानायक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। हरीश वर्मा को 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार से आईआरबी प्रथम, रामनगर का सेनानायक बनाया गया है।

अमित श्रीवास्तव-1 को आईआरबी प्रथम, रामनगर से पुलिस अधीक्षक सीआईडी सेक्टर, देहरादून तथा जितेन्द्र चौधरी को पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात, ऊधमसिंहनगर से पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात, देहरादून नियुक्त किया गया है।

प्रांतीय पुलिस सेवा अधिकारियों में वीर सिंह को 46वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर से उपसेनानायक आईआरबी प्रथम, रामनगर भेजा गया है। लोकजीत सिंह को पुलिस अधीक्षक यातायात, देहरादून से अपर पुलिस अधीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था/शिकायत, पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी मिली है। विमल आचार्य को आईआरबी प्रथम, रामनगर से 46वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर में तैनाती दी गई है।

इसी प्रकार शान्तनु पराशर को उपसेनानायक एसडीआरएफ से अपर पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम तथा अंकुश मिश्रा को अपर पुलिस अधीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था, पुलिस मुख्यालय से अपर पुलिस अधीक्षक अभिसूचना एवं सुरक्षा मुख्यालय भेजा गया है।

प्रशासनिक स्तर पर जारी आदेशों में पीसीएस अधिकारी गोपाल राम बिनवाल को नगर आयुक्त, नगर निगम रुड़की नियुक्त किया गया है। वहीं राकेश तिवारी को नगर आयुक्त रुड़की के पद से अवमुक्त करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट, देहरादून तथा संयुक्त सचिव, मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story