कुंभ 2027 का निमंत्रण लेकर निरंजनी अखाड़ा पहुंचे मंत्री

WhatsApp Channel Join Now
कुंभ 2027 का निमंत्रण लेकर निरंजनी अखाड़ा पहुंचे मंत्री


हरिद्वार, 22 अप्रैल (हि.स.)। शहरी विकास मंत्री रामसिंह कैड़ा ने निरंजनी अखाड़ा पहुंचकर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष रविंद्रपुरी महाराज को कुंभ मेला 2027 का औपचारिक निमंत्रण दिया।

इस दौरान महंत रविंद्रपुरी महाराज ने मंत्री का पारंपरिक रूप से स्वागत करते हुए मां मनसा देवी की चुनरी ओढ़ाई, पगड़ी पहनाई और मां गंगा की प्रतिमा भेंट की। उन्होंने कहा कि धर्मसत्ता के बिना राजसत्ता अधूरी है और संतों के मार्गदर्शन में राज्य सरकार सनातन परंपराओं को सशक्त कर रही है।

मंत्री रामसिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हरिद्वार कुंभ 2027 को भव्य और दिव्य बनाने की तैयारियां तेजी से जारी हैं, और संतों व श्रद्धालुओं को उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि रविंद्रपुरी महाराज के मार्गदर्शन में प्रयागराज की तर्ज पर हरिद्वार कुंभ मेला भी भव्य स्वरूप में आयोजित होगा, जिसके लिए व्यवस्थाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।

महंत रविंद्रपुरी ने कहा कि धर्मसत्ता के बिना राजसत्ता अधूरी है। संत महापुरूषों के सानिध्य में प्रदेश की धामी सरकार सफलतापूर्वक सनातन की प्रतिष्ठा बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि 2027 में होने वाले हरिद्वार कुंभ मेले को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए मुख्यमंत्री धामी के निर्देशन में सरकार लगातार सुविधाओं का विकास कर रही है। जिससे कुंभ मेले में संतों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story