योग के साथ स्वच्छता का संदेश, जिला न्यायालय से निकली जागरूकता रैली

WhatsApp Channel Join Now
योग के साथ स्वच्छता का संदेश, जिला न्यायालय से निकली जागरूकता रैली


योग के साथ स्वच्छता का संदेश, जिला न्यायालय से निकली जागरूकता रैली


चंपावत, 21 जून (हि. स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला न्यायालय परिसर में शनिवार को योग एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मियों और पैरा लीगल वॉलंटियर्स ने योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनुज कुमार संगल ने की।

प्रशिक्षित योग विशेषज्ञ के मार्गदर्शन में आयोजित सत्र में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट निहारिका मित्तल गुप्ता तथा सिविल जज (जूनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव विशाल गोयल भी उपस्थित थे।

योग कार्यक्रम के बाद जिला न्यायालय परिसर से छतार पुल तक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मचारियों, पैरा लीगल वॉलंटियर्स, यूनिवर्सल ग्रीन इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेटों तथा नगरपालिका कर्मियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में सफाई कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

इस दौरान एक जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें लोगों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की गई।

कार्यक्रम के समापन पर संगल ने कहा कि स्वच्छता और स्वास्थ्य एक-दूसरे के पूरक हैं तथा स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की नींव है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को अभियान नहीं, बल्कि दैनिक जीवन की आदत बनाने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Share this story