पतंजलि में आज से जुटेंगे देश-विदेश के शिक्षा बोर्डों के दिग्गज, तीन दिन होगा मंथन

WhatsApp Channel Join Now
पतंजलि में आज से जुटेंगे देश-विदेश के शिक्षा बोर्डों के दिग्गज, तीन दिन होगा मंथन


हरिद्वार, 24 नवंबर (हि.स.)। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, मानसिक-सामाजिक कल्याण और शिक्षा व्यवस्था की उभरती चुनौतियों पर मंथन के लिए देश-विदेश के शिक्षाविद् और शिक्षा बोर्डों के दिग्गज हरिद्वार में जुटने जा रहे हैं। भारतीय शिक्षा बोर्ड की मेजबानी में काउंसिल ऑफ बोर्ड्स ऑफ स्कूल एजुकेशन इन इंडिया (कॉब्से) का तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय वार्षिक विषयगत सम्मेलन 25 से 27 नवंबर तक पतंजलि योगपीठ स्थित पतंजलि रिसर्च इंस्टीट्यूट में आयोजित होगा।

हरिद्वार में पहली बार आयोजित हो रहे इस सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों के शिक्षा बोर्डों के चेयरमैन, सचिव और वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा लेंगे। वहीं नेपाल, भूटान और मॉरीशस सहित कई देशों के शिक्षाविद् एवं प्रतिनिधि भी सम्मेलन में शामिल होने पहुंचेंगे।

सम्मेलन का मुख्य विषय छात्रों में सामाजिक-भावनात्मक विकास एवं कल्याण की चुनौतियां रखा गया है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में विद्यार्थियों के सामाजिक और भावनात्मक विकास, मानसिक कल्याण तथा बदलते शैक्षिक परिवेश में सामने आ रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा होगी। विभिन्न शिक्षा बोर्ड अपने अनुभव और विचार साझा करेंगे। साथ ही विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए प्रभावी समाधान तलाशने पर भी मंथन किया जाएगा।

सम्मेलन का उद्घाटन योगगुरु स्वामी रामदेव, पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत करेंगे। इस अवसर पर कॉब्से के अध्यक्ष डॉ. जी. इम्मानुएल और भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी चेयरमैन डॉ. एनपी सिंह भी मौजूद रहेंगे।

भारतीय शिक्षा बोर्ड की डायरेक्टर एकेडमिक डॉ. वंदना पाण्डेय ने बताया कि सम्मेलन को लेकर देश-विदेश के शिक्षा बोर्डों और प्रतिनिधियों में खासा उत्साह है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विचारों एवं अनुभवों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

उन्होंने बताया कि कॉब्से की स्थापना मई 1979 में सीबीएसई की पहल पर हुई थी। नौ मई 1979 को दिल्ली में सोसायटी पंजीकरण अधिनियम, 1860 के तहत सात सदस्यों के साथ इसका पंजीकरण हुआ था। वर्तमान में संगठन के सदस्यों की संख्या बढ़कर 74 हो चुकी है। कई विदेशी शिक्षा बोर्ड और संस्थान भी इसके सहयोगी सदस्य हैं।

कॉब्से देश के केंद्रीय और राज्य स्तरीय स्कूल शिक्षा बोर्डों के बीच सहयोग एवं समन्वय स्थापित करने का साझा मंच है। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी भी इसकी सहयोगी सदस्य है। संगठन प्रतिवर्ष अपने सदस्य बोर्डों के सहयोग से विषय आधारित सम्मेलन आयोजित करता है। इसके अलावा बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों का वार्षिक विश्लेषण प्रकाशित करने और विभिन्न शिक्षा बोर्डों की प्रमाणिकता के सत्यापन जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी करता है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782440 Articles

Share this story