लक्सर रेलवे स्टेशन पर बीडीएस टीम का सघन चेकिंग अभियान

WhatsApp Channel Join Now
लक्सर रेलवे स्टेशन पर बीडीएस टीम का सघन चेकिंग अभियान


हरिद्वार, 05 अप्रैल (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से बीडीएस (बम डिस्पोज़ल स्क्वाड) टीम द्वारा रेलवे स्टेशन लक्सर परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान टीम ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, यात्री डिब्बों, प्रतीक्षालय, पार्किंग स्थल व आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में गहन तलाशी ली। इस दौरान संदिग्ध वस्तुओं और लावारिस सामान की विशेष रूप से जांच की गई। सुरक्षा मानकों की पुष्टि के लिए टीम ने अत्याधुनिक उपकरणों का भी इस्तेमाल किया।

चेकिंग के दौरान यात्रियों को भी सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया और उनसे अपील की गई कि यदि कहीं कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस के अनुसार पूरे अभियान के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई और चेकिंग अभियान शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।

हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या आपातकालीन नंबर 112 पर दें।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story