संस्थागत प्रसव बढ़ाने को किया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 17 अप्रैल (हि.स.)। स्वास्थ्य विभाग पौड़ी द्वारा शत प्रतिशत संस्थागत प्रसव बढ़ाए जाने को लेकर जनपद के सभी विकासखंडों में घर घर जाकर गर्भवती महिलाओं की जांच करने के साथ ही संस्थागत प्रसव के लिए जागरूक किया जा रहा है।

शुक्रवार को विकासखंड थलीसैण,पोखड़ा,एकेश्वर, खिरसू के विभिन्न गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा गृह भ्रमण के साथ ही आयुष्मान आरोग्य मंदिरों व उपकेंद्रों में कुल 56 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। इस दौरान गर्भवती महिलाओं के साथ ही उनके परिजनों को गृह प्रसव के खतरों के बारे में जानकारी प्रदान करने के साथ ही संस्थागत प्रसव हेतु प्रेरित किया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ शिव मोहन शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि गृह भ्रमण के दौरान अभी तक 627 गर्भवती महिलाओं की गृह भ्रमण कर मॉनिटरिंग की जा चुकी है। मॉनिटरिंग के दौरान गर्भवती महिलाओं को नियमित जांच के साथ ही समय पर अल्ट्रासाउंड कराए जाने आकस्मिक स्थिति में निशुल्क एम्बुलेंस सेवा का लाभ लेने व प्रसव के बाद जच्चा बच्चा को घर तक छोड़ने के लिए सेवा, स्वास्थ्य परामर्श के लिए 4 टोल फ्री सेवा आदि की जानकारी दी गई।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story