एआई और डिजिटल तकनीकों में मिलेगा करियर का अवसर
पौड़ी गढ़वाल, 14 जून (हि.स.)। बदलते तकनीकी दौर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की बढ़ती उपयोगिता को देखते हुए गोविंद बल्लभ पंत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (जीबीपीआईईटी), घुड़दौड़ी ने विद्यार्थियों के लिए बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (बीसीए) पाठ्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है। इससे प्रदेश के युवाओं को कंप्यूटर एप्लीकेशन, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, डेटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में करियर बनाने का अवसर मिलेगा।
संस्थान में अब बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (बीसीए) पाठ्यक्रम प्रारंभ किया गया है, जिससे उत्तराखंड के युवाओं को कंप्यूटर एप्लीकेशन, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, डेटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे उभरते क्षेत्रों में करियर बनाने का अवसर मिलेगा। संस्थान के निर्देशक डा.बीके बंगा ने बताया कि विशेष बात यह है कि इस पाठ्यक्रम के माध्यम से केवल विज्ञान वर्ग के विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि कक्षा 12 वीं में आर्ट्स, कॉमर्स और बायोलॉजी विषय से अध्ययन करने वाले विद्यार्थी भी कंप्यूटर एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में अपना भविष्य बना सकेंगे।
बीसीए पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को प्रोग्रामिंग, डेटाबेस, वेब टेक्नोलॉजी, मशीन लर्निंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक डिजिटल तकनीकों की जानकारी प्रदान करेगा। बताया कि वर्तमान समय में उद्योग जगत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और डिजिटल तकनीकों की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में बीसीए पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को रोजगारपरक कौशल प्रदान करने के साथ-साथ उच्च शिक्षा और स्टार्टअप के नए अवसर भी उपलब्ध कराएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

