दुग्ध समितियों में पहुंचे अपर सचिव सुरेश जोशी, योजनाओं के लाभ का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
दुग्ध समितियों में पहुंचे अपर सचिव सुरेश जोशी, योजनाओं के लाभ का लिया जायजा


हल्द्वानी, 23 मई (हि. स.)। अपर सचिव एवं डेरी विकास विभाग के निदेशक सुरेश जोशी ने शनिवार को नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआं की विपणन गतिविधियों और दुग्ध उपार्जन व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने हल्द्वानी नगर क्षेत्र में आंचल दुग्ध विक्रेताओं से दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों की बिक्री, वितरण व्यवस्था और उपभोक्ताओं से संबंधित जानकारियां प्राप्त कीं। इस दौरान उन्होंने विपणन व्यवस्था में आ रही कमियों और उनके सुधार को लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ चर्चा की।

अपर सचिव ने उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। इसके बाद उन्होंने नैनीताल दुग्ध संघ से संबद्ध दुग्ध समितियों हरीपुर कुंवर सिंह, बैडापोखरा और चांदनी चौक पहुंचकर दुग्ध संग्रहण कार्य का निरीक्षण किया।

उन्होंने दुग्ध उत्पादकों से सीधे संवाद कर शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली और लाभार्थियों को मिल रहे लाभ का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विपणन एवं उपार्जन से जुड़े सभी कर्मचारी अपने कार्यस्थल पर उपस्थित पाए गए, जिस पर अपर सचिव ने संतोष व्यक्त किया।

इस अवसर पर नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रभारी विपणन एवं प्रशासन संजय सिंह भाकुनी, प्रभारी पी एंड आई सुभाष बाबू, प्रभारी एफओ शांति कोरंगा व मार्ग प्रभारी लक्ष्मी पंत सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story