दुकान से चाकू खरीदने के बाद युवक ने उठाया खौफनाक कदम, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
दुकान से चाकू खरीदने के बाद युवक ने उठाया खौफनाक कदम, जांच में जुटी पुलिस


हरिद्वार, 14 सितंबर (हि.स.)। सोमवार को रूड़की शहर के व्यस्ततम गणेश चौक के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने खुद को चाकू से घायल कर लिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिल्ली निवासी अरमान नाम का युवक रुड़की रेलवे स्टेशन की ओर से गणेश चौक की तरफ आ रहा था। तुलसी हॉस्पिटल के पास पहुंचने के बाद उसने अचानक खुद को घायल कर लिया। बताया गया कि घटना से कुछ समय पहले युवक ने बाजार की एक दुकान से 10 रुपये में चाकू खरीदा था। घटना के बाद आसपास मौजूद दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे। युवक को घायल अवस्था में देखकर किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को अपनी गाड़ी से रुड़की के सरकारी अस्पताल ले गई। अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक का प्राथमिक उपचार किया। उसकी हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद गणेश चौक पर काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही।

कारणों की जांच में जुटी पुलिस

युवक ने खुद को घायल करने का कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस युवक की पहचान और उसके बारे में अन्य जानकारी जुटा रही है। साथ ही घटना से पहले उसकी गतिविधियों और परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। एसएसआई गंगनहर कोतवाली दीप कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story