दीक्षारंभ में विधि की पढ़ाई, रोजगार, पाठ्यक्रम की दी जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
दीक्षारंभ में विधि की पढ़ाई, रोजगार, पाठ्यक्रम की दी जानकारी


नई टिहरी, 29 सितंबर (हि.स.)। एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि के एसआरटी परिसर बादशाहीथौल के विधि विभाग में विधि स्नातक प्रथम वर्ष, विधि स्नातकोत्तर और शोधार्थियों का दीक्षा आरंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधि की पढ़ाई, रोजगार, पाठ्यक्रम, पुस्तकालय, छात्रावास और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंध में जानकारी दी गई।

विधि संकाय की डीन प्रो. ममता राणा ने कहा कि विधि में स्नातक या स्नातकोत्तर करने के बाद विद्यार्थियों के लिए रोजगार के कई अवसर उपलब्ध हैं। वे वकील, न्यायाधीश या शिक्षक बनकर समाज को सेवाएं दे सकते हैं।उन्होंने विधि का गहन अध्ययन कर अर्जित ज्ञान का उपयोग समाज निर्माण और जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने में करने की अपील की।

पुरुष छात्रावास के अधीक्षक डॉ. हेमराज और महिला छात्रावास की अधीक्षक डॉ. सुमनलता चौधरी ने छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं, अनुशासन और व्यवस्था की जानकारी दी। पुस्तकालय अध्यक्ष डॉ. हंसराज बिष्ट ने पाठ्य पुस्तकों, शोध सामग्री, वाचनालय, संदर्भ सामग्री, अनुवाद और ई-पुस्तकों की सुविधाओं की जानकारी दी। डॉ. विशाल गुलरिया, डॉ. हिमानी बिष्ट ने नई शिक्षा नीति, पाठ्यक्रम, विषय चयन, परीक्षा की तैयारी और अध्ययन सामग्री के बारे में बताया। इस मौके पर डॉ. एसके चतुर्वेदी, डॉ. सुमनलता चौधरी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story