युवाओं को नशे से दूर रहकर करियर संवारने की दी सीख

WhatsApp Channel Join Now
युवाओं को नशे से दूर रहकर करियर संवारने की दी सीख


हरिद्वार, 21 नवंबर (हि.स.)। अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) उत्तराखंड, देहरादून ने शनिवार को कोतवाली पिरान कलियर क्षेत्र स्थित हरिओम सरस्वती कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड मेडिकल साइंस में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को कानून, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने और अपने करियर पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।

एडीजी ने कहा कि आज का युवा देश का भविष्य है। ऐसे में प्रत्येक युवा के लिए सही मार्ग का चुनाव करना बेहद जरूरी है। नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि पूरे परिवार और उसके भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूरी बनाए रखने तथा क्षेत्र में नशा तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आह्वान किया।

साइबर अपराधों को वर्तमान समय की बड़ी चुनौती बताते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट और एआई आधारित साइबर धोखाधड़ी के प्रति सचेत किया। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं और स्वयं जागरूक रहने के साथ दूसरों को भी सतर्क करें।

महिला सुरक्षा के मुद्दे पर छात्राओं को गौरा शक्ति ऐप और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 की जानकारी दी गई। उन्होंने छात्राओं से बिना किसी भय या संकोच के अपनी समस्याएं पुलिस के सामने रखने की अपील की। वहीं, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने की नसीहत दी।

जनसंवाद के दौरान स्थानीय नागरिकों और छात्र-छात्राओं ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव भी रखे। एडीजी ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के समापन पर कॉलेज प्रबंधन, छात्र-छात्राओं, ग्राम प्रधानों और स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए आभार जताया। इस अवसर पर जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पिरान कलियर, कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780801 Articles

Share this story