प्रदेश कांग्रेस ने अनुशासनहीनता पर तीन नेताओं से मांगा स्पष्टीकरण
देहरादून, 30 जून (हि.स.)। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पिथौरागढ़ में आयोजित परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के दौरान कथित अनुशासनहीनता के मामले में पार्टी के तीन नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है।
प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री (संगठन) राजेन्द्र सिंह भंडारी ने मंगलवार को जारी बयान में बताया कि प्रदेशभर में पार्टी की ओर से परिवर्तन संकल्प सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पिथौरागढ़ में आयोजित सम्मेलन के दौरान पार्टी नेता महेन्द्र सिंह लुंठी, दीपक लुंठी और महिला जिला अध्यक्ष भावना नगरकोटी ने मंच पर अनुशासनहीनता और अभद्र व्यवहार किया, जिसे पार्टी नेतृत्व ने गंभीरता से लिया है।
उन्होंने बताया कि तीनों नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला की ओर से जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष भावना नगरकोटी को पद से मुक्त करते हुए जिला महिला कांग्रेस कमेटी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

