इंदिरा गांधी की जयंती पर कांग्रेसियों ने अर्पित की पुष्पांजलि

WhatsApp Channel Join Now
इंदिरा गांधी की जयंती पर कांग्रेसियों ने अर्पित की पुष्पांजलि


हरिद्वार, 19 नवंबर (हि.स.)। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती पर जिला महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से ज्वालापुर स्थित कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।

श्रद्धांजलि सभा में जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि इंदिरा गांधी के नेतृत्व की सबसे बड़ी विशेषता कठिन परिस्थितियों में साहसिक निर्णय लेना और उनकी जिम्मेदारी स्वीकार करना था। वर्ष 1971 के युद्ध में उनके नेतृत्व ने देश को नई पहचान दिलाई।

वहीं, बैंकों के राष्ट्रीयकरण के फैसले से ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार और किसानों व छोटे कारोबारियों तक ऋण पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त हुआ। प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं प्रभारी नरेंद्र सिंह राणा और युवा नेता वरुण बालियान ने कहा कि इंदिरा गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब कांग्रेस कार्यकर्ता आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। बुजुर्गों की पेंशन, स्वच्छ पेयजल और स्थानीय समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।

महिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लता जोशी और महानगर कांग्रेस उपाध्यक्ष अंजू द्विवेदी ने कहा कि देश की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में इंदिरा गांधी ने महिलाओं के लिए नेतृत्व की नई मिसाल कायम की। आज महिलाओं को संगठन में बात रखने और नेतृत्व करने के अधिक अवसर देने की जरूरत है।

पूर्व पार्षद इसरार अहमद और वरिष्ठ नेता दिनेश वालिया ने कहा कि नई पीढ़ी को इंदिरा गांधी के जीवन और उनके कार्यों से परिचित कराना चाहिए, ताकि युवा उनके ऐतिहासिक फैसलों और देश के विकास में योगदान को समझ सकें।

कार्यक्रम में पार्षद प्रतिनिधि अकरम अंसारी, वसी गौड़, महानगर कांग्रेस महासचिव शादाब खान, मंडलम अध्यक्ष अयान सैफी, अज्जू खान, इलमास इम्मी, गय्यूर प्रधान, पूर्व पार्षद रियाज अंसारी, प्रदीप कुमार, विराट बर्मन, तुषार चौधरी, मोहित चौधरी और सुनील कश्यप सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779687 Articles

Share this story