एसआईआर को लेकर कांग्रेस-इंडिया गठबंधन की बैठक,बनी आंदोलन की रणनीति

WhatsApp Channel Join Now

देहरादून, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बीच कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ बैठक कर पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर चर्चा की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने और प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर मंथन किया गया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर के दौरान कुछ मामलों में मतदाताओं के नाम मनमाने ढंग से जोड़े या हटाए गए और आम मतदाताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा। नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण आधार है और पुनरीक्षण प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए।

इंडिया गठबंधन के नेताओं ने कहा कि कांग्रेस और सहयोगी दल इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे। बैठक में ‘मतदाता बचाओ-लोकतंत्र बचाओ’ अभियान को बूथ स्तर तक ले जाने और एसआईआर से संबंधित शिकायतों को सामने लाने का निर्णय लिया गया। बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों की जांच की मांग भी उठाई गई।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर उठने वाले सवालों का समाधान किया जाना चाहिए। कांग्रेस और उसके सहयोगी दल उत्तराखंड में समन्वय के साथ इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाएंगे।

बैठक में इंद्रेश मैखुरी, अतुल सती, अतुल शर्मा, राजेंद्र नेगी, शंकर गोपाल और प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट समेत इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के नेता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story