स्वतंत्रता दिवस पर पुलिसकर्मियों और खिलाड़ियों को मिला सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
स्वतंत्रता दिवस पर पुलिसकर्मियों और खिलाड़ियों को मिला सम्मान


स्वतंत्रता दिवस पर पुलिसकर्मियों और खिलाड़ियों को मिला सम्मान


देहरादून, 15 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड में उत्कृष्ट सेवाओं और विशिष्ट कार्यों के लिए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड में सम्मानित किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समारोह में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को भी सम्मानित किया और फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने 14 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया। इनमें आठ को सेवा के आधार पर और छह को विशिष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

सेवा के आधार पर सम्मानित होने वालों में पुलिस महानिरीक्षक साइबर/एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे, अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस दूरसंचार नैनीताल रघुवीर मठपाल, पुलिस उपाधीक्षक सचिवालय/विधानसभा सुरक्षा भास्कर लाल शाह, पुलिस उपाधीक्षक चमोली त्रिवेंद्र सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक पुलिस मुख्यालय मनीष जसवाल, निरीक्षक गिरिधर सिंह रावत, निरीक्षक मोहम्मद यामीन तथा गुल्मनायक 40वीं वाहिनी पीएसी दिनेश चंद्र शामिल हैं।

विशिष्ट कार्यों के लिए स्वर्गीय निरीक्षक अभिसूचना एसआईयू देहरादून मनोज मनराल, स्वर्गीय उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस टिहरी गढ़वाल विनोद कुमार, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र सुनील कुमार मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक मसूरी/साइबर क्राइम पुलिस थाना देहरादून शांतनु पराशर और पुलिस उपाधीक्षक अभिसूचना मनोज असवाल को सम्मानित किया गया।

13 खेल प्रतिभाओं का सम्मान

समारोह में ओलंपिक, विश्व कप, विश्व चैंपियनशिप, राष्ट्रमंडल और एशियन गेम्स में पदक अर्जित करने वाले उत्तराखंड के 13 खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।

इनमें अभिनव देशवाल को डेफ ओलंपिक-2025 की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम शूटिंग में स्वर्ण, शौर्य सैनी को 50 मीटर राइफल में रजत और क्रिकेटर स्नेह राणा को आईसीसी महिला विश्व कप 2025 में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा बनने पर सम्मानित किया गया।

पवन बर्तवाल ने वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल में 55 किलोग्राम वर्ग में रजत, हेम चंद्र ने वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री में रजत, जबकि शुभम जुयाल और उन्नति शर्मा ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में क्रमश: रजत और कांस्य पदक हासिल किया।

भूमिका ने एशियन यूथ गेम्स 2025 में बहरीन में कबड्डी में स्वर्ण टीम पदक, निकिता चंद ने एशियन जूडो चैंपियनशिप में रजत, खुशी चंद ने एशियन अंडर-15 एवं अंडर-17 बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण, मनीषा चौहान ने हॉकी जूनियर एशिया कप 2025 में रजत टीम पदक, काजल फरस्वाण ने एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में रजत और भूमि ने एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक अर्जित किया।

इस अवसर पर पुलिस सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story