स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर दून पुलिस ने जारी किया यातायात प्लान, परेड ग्राउंड रहेगा जीरो जोन
देहरादून, 12 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस 2026 के समारोह को देखते हुए देहरादून में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। परेड ग्राउंड के आसपास 15 अगस्त को सभी वाहनों, ठेलियों और रेहड़ियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। परेड के दौरान क्षेत्र को पूरी तरह जीरो जोन रखा जाएगा।
बुधवार को देहरादून पुलिस की ओर से जारी यातायात प्लान के अनुसार वीआईपी और अधिकारी ईसी रोड, सर्वे चौक से रोजगार तिराहा और कन्वेंट तिराहा होते हुए वीवीआईपी द्वार से कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करेंगे। अन्य प्रतिभागियों, पुलिस, होमगार्ड, मीडिया तथा कार्यक्रम देखने आने वाले नागरिकों के वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर पार्क किए जाएंगे।
पुलिस ने रेंजर्स ग्राउंड, मंगला देवी इंटर कॉलेज, आईआरडीटीए ऑडिटोरियम के पास तथा दून क्लब क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था की है। धर्मपुर, दर्शनलाल चौक और दून चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए रेंजर्स ग्राउंड में पार्किंग निर्धारित की गई है। सर्वे चौक की ओर से आने वाले वाहन मंगला देवी इंटर कॉलेज ग्राउंड में पार्क किए जाएंगे।
राजपुर रोड से परेड में शामिल होने या कार्यक्रम देखने आने वालों के वाहनों के लिए सेंट जोसेफ सुभाष रोड पर दीवार के किनारे वन-साइड स्ट्रीट और लॉर्ड वेंकटेश वेडिंग प्वाइंट के अंदर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। परेड ग्राउंड के आसपास आउटर और इनर बैरियर प्वाइंट बनाए जाएंगे। ईसी रोड सर्वे चौक, मनोज क्लिनिक, बुद्धा चौक, दर्शनलाल चौक, ओरिएंट चौक और पैसिफिक तिराहा आउटर प्वाइंट होंगे। इन स्थानों से केवल वीआईपी और पासधारक वाहन सीमित संख्या में प्रवेश कर सकेंगे।
रोजगार तिराहा, कनक चौक, डूंगा हाउस, लैंसडाउन चौक और कन्वेंट तिराहा इनर बैरियर प्वाइंट होंगे। पासधारकों और वीवीआईपी को छोड़कर अन्य वाहनों को इनर प्वाइंट से परेड ग्राउंड की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।
विक्रमों के लिए भी डायवर्जन प्लान जारी किया गया है। रायपुर रूट के विक्रम सहस्रधारा क्रॉसिंग से वापस भेजे जाएंगे, जबकि धर्मपुर रूट के विक्रम तहसील चौक से दून चौक और एमकेपी चौक की ओर डायवर्ट होंगे। आईएसबीटी और कांवली रूट के विक्रम रेलवे गेट से वापस भेजे जाएंगे। प्रेमनगर रूट के विक्रम प्रभात कट से वापस होंगे, जबकि राजपुर रूट के विक्रम ग्लोब चौक से पैसिफिक तिराहा, बैनी बाजार होते हुए राजपुर रोड की ओर भेजे जाएंगे।
आईएसबीटी से राजपुर रोड जाने वाली सिटी बसें दर्शनलाल चौक से घंटाघर होते हुए राजपुर की ओर जाएंगी। रिस्पना की ओर से आने वाली बसें तहसील चौक से दून चौक, एमकेपी चौक और आराघर की ओर डायवर्ट की जाएंगी। रायपुर रोड से आने वाली सिटी बसें सहस्रधारा क्रॉसिंग से सहस्रधारा रोड, आईटी पार्क और राजपुर रोड होते हुए घंटाघर की ओर जाएंगी।
देहरादून पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने, सड़क पर पार्किंग नहीं करने और निर्धारित डायवर्ट रूट का इस्तेमाल करने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने और संभव हो तो दुपहिया वाहनों का इस्तेमाल करने का भी अनुरोध किया है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

