झाझरा में 1,015 वर्गमीटर आरक्षित वनभूमि अतिक्रमण मुक्त

WhatsApp Channel Join Now

देहरादून, 13 सितंबर (हि.स.)। देहरादून वन प्रभाग ने वनभूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए झाझरा रेंज के कंडोली-1 क्षेत्र में 1,015 वर्गमीटर आरक्षित वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। विभाग ने मौके पर किए गए अनधिकृत निर्माण को ध्वस्त कर भूमि को अपने कब्जे में ले लिया।

वन विभाग के अनुसार, आरक्षित वनभूमि पर वर्ष 2006-07 से अनधिकृत रूप से निर्माण किया गया था। नियमानुसार कार्रवाई के दौरान निर्माण को हटाया गया। मौके पर राजस्व विभाग के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

विभाग के मुताबिक, अतिक्रमण हटाने के आदेश के खिलाफ संबंधित पक्ष की ओर से की गई विभिन्न स्तरों की विधिक कार्यवाही में भी विभाग का पक्ष बरकरार रहा। 7 अगस्त 2009 को निर्माण हटाने के आदेश पारित हुए थे, जबकि 4 सितंबर 2009 को विभागीय अपील निरस्त कर दी गई थी।

इसके बाद 20 सितंबर 2017 को नैनीताल उच्च न्यायालय ने संबंधित रिट याचिका खारिज कर दी। विशेष अपील संख्या 1083/2017 भी 9 जून 2025 को उच्च न्यायालय ने खारिज कर दी। इन न्यायिक आदेशों के अनुपालन में वन विभाग ने रविवार को मौके पर कार्रवाई करते हुए अतिक्रमित भूमि को मुक्त कराया।

देहरादून के डीएफओ वैभव कुमार सिंह ने कहा कि आरक्षित वनभूमि पर अतिक्रमण अथवा अनधिकृत निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। वनभूमि की सुरक्षा, संरक्षण और सीमाओं की रक्षा के लिए विभाग नियमानुसार कार्रवाई जारी रखेगा।

---

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story