कोतवाली की नाक के नीचे बिक रही शराब, ऑपरेशन प्रहार में 5 दबोचे

WhatsApp Channel Join Now
कोतवाली की नाक के नीचे बिक रही शराब, ऑपरेशन प्रहार में 5 दबोचे


हरिद्वार, 30 सितंबर (हि.स.)। धर्मनगरी में अवैध शराब का धंधा पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। एसएसपी के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार चल रहा है, रोजाना छापेमारी हो रही है, फिर भी तस्करों के हौसले बुलंद हैं। आलम यह है कि हरिद्वार कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर ब्रह्मपुरी क्षेत्र में खुलेआम शराब बिक रही है।

पुलिस ने 29/30 सितंबर की रात इसी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। कोतवाली नगर पुलिस ने मेला अस्पताल के सामने बाल्मीकि बस्ती, बैरागी बस्ती और रेलवे लाइन किनारे झुग्गी-झोपड़ियों में छापा मारकर 5 तस्करों को 118 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान धर्मवीर (22 पैक), चिराग शर्मा (21 पैक), पीयूष प्रकाश (26 पैक), गोलू (25 पैक) और अनिकेत कश्यप उर्फ बिजली (24 पैक) के रूप में हुई। सभी ब्रह्मपुरी क्षेत्र में रहते हुए सक्रिय थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कार्रवाई नई नहीं है। कोतवाली के ठीक सामने रामलीला मैदान, भोलागिरी रोड, ललतारौ पुल और सामने स्थित पार्क में शाम ढलते ही अवैध शराब का बाजार सज जाता है। तस्कर होम डिलीवरी तक करने लगे हैं। पुलिस पकड़ती है, तस्कर जमानत पर छूटते हैं और फिर उसी धंधे में लग जाते हैं।

अब बड़ा सवाल यही है कि जब धंधा कोतवाली की नाक के नीचे चल रहा है, तो सिर्फ गिरफ्तारी से काम चलेगा या इसके पीछे के बड़े नेटवर्क पर चोट करनी होगी?

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story