काशीपुर से भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और कूटरचित शस्त्र लाइसेंस बरामद

WhatsApp Channel Join Now
काशीपुर से भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और कूटरचित शस्त्र लाइसेंस बरामद


देहरादून, 10 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री के अपराध मुक्त उत्तराखंड विजन के तहत फर्जी शस्त्र लाइसेंसों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और ऊधमसिंहनगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए काशीपुर से भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और कूटरचित शस्त्र लाइसेंस बरामद किए हैं। एसटीएफ ने दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान बीती देर रात काशीपुर के कटोराताल क्षेत्र में एक स्विफ्ट कार से एक 12 बोर पम्प एक्शन बंदूक, एक .22 बोर सेमी ऑटोमैटिक राइफल, एक .32 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक .32 बोर रिवॉल्वर, 237 जिंदा कारतूस, चार मैगजीन तथा सात फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए। बरामदगी को कोतवाली में दाखिल कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

एसटीएफ के अनुसार, बरामद हथियार, कारतूस, कूटरचित लाइसेंस और वाहन मुकदमे में नामजद अभियुक्त सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल तथा दीप्ति अग्रवाल से संबंधित हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने बुधवार काे बताया कि राज्य में बाहरी राज्यों से स्थानांतरित होकर आए शस्त्र लाइसेंसों की वैधता और सत्यता की जांच की जा रही है। अब तक इस मामले में तीन अभियोग दर्ज कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जांच के दौरान पांच अवैध शस्त्र और कई फर्जी लाइसेंस बरामद किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि बीती रात गोपनीय सूचना मिली थी कि काशीपुर के कटोराताल क्षेत्र में खड़ी एक स्विफ्ट कार में बड़ी मात्रा में अवैध हथियार रखे गए हैं। सूचना पर एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए वाहन को कब्जे में लेकर हथियार और कारतूस बरामद किए।

एसटीएफ ने कहा कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस राष्ट्रीय सुरक्षा, सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा हैं। ऐसे मामलों में उत्तराखंड पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि संदिग्ध या फर्जी शस्त्र लाइसेंसों की जानकारी तत्काल एसटीएफ को दें। सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। कार्रवाई में एसटीएफ टीम के निरीक्षक अरुण कुमार, निरीक्षक एम.पी. सिंह, कांस्टेबल गुरवंत सिंह, मोहित वर्मा और सोनू पांडे शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story