अवैध मजार पर चला बुलडोजर, सरकारी भूमि अतिक्रमण मुक्त

WhatsApp Channel Join Now
अवैध मजार पर चला बुलडोजर, सरकारी भूमि अतिक्रमण मुक्त


देहरादून, 02 जून (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार के अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत मंगलवार को देहरादून के शीशमबाड़ा क्षेत्र में सरकारी भूमि पर बनी एक अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया गया। जिला प्रशासन की कार्रवाई के बाद संबंधित भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करा लिया गया है।

मुख्य शहर से लगभग 20 किलोमीटर दूर शिमला बाईपास स्थित शीशमबाड़ा क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्मित मजार को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन को कई शिकायतें दी थीं। शिकायतों के आधार पर राजस्व विभाग और जिला प्रशासन ने मामले की जांच की। प्रशासन ने करीब दो सप्ताह पहले संबंधित स्थल पर नोटिस चस्पा कर भूमि स्वामित्व और निर्माण से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। निर्धारित अवधि में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए बुलडोजर से अवैध संरचना को हटवा दिया।

विकासनगर के उपजिलाधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी आशीष चौहान की अध्यक्षता में सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की समीक्षा बैठक में इस अवैध निर्माण को हटाने का निर्णय लिया गया था। उसी क्रम में कार्रवाई कर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।

प्रदेश में सरकारी भूमि पर बने अवैध धार्मिक ढांचों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत अब तक 588 अवैध मजारों को हटाया जा चुका है। राज्य सरकार का कहना है कि सार्वजनिक और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभिन्न जिलों में प्रशासनिक कार्रवाई में तेजी देखने को मिल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story