रुड़की में अवैध असलहे के साथ दो युवक गिरफ्तार, सप्लायर की तलाश जारी

WhatsApp Channel Join Now
रुड़की में अवैध असलहे के साथ दो युवक गिरफ्तार, सप्लायर की तलाश जारी


हरिद्वार, 07 अक्टूबर (हि.स.)। रुड़की पुलिस ने संभावित वारदात को अंजाम देने से पहले दो युवकों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध असलहे बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से 32 बोर का एक तमंचा, एक पिस्टल, दो मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पूछताछ में दोनों ने एक ही व्यक्ति से असलहे खरीदने की बात बताई है। पुलिस कथित सप्लायर की तलाश में जुटी है।

एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रुड़की पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान नहर पटरी पर एचआरडीए कार्यालय के पास मोटरसाइकिल के निकट संदिग्ध अवस्था में मिले युवक की तलाशी ली गई। उसके पास से 32 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। उसकी पहचान 19 वर्षीय अक्षित शर्मा निवासी जस्सवावाला धनौरी, थाना पिरान कलियर के रूप में हुई।

पुलिस ने इसके बाद पीरबाबा कॉलोनी से रेलवे पुल के नीचे डबल फाटक की ओर जाने वाले रास्ते पर एक अन्य युवक को पकड़ा। उसके पास से 32 बोर की पिस्टल, दो मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी की पहचान 24 वर्षीय रोहित सैनी निवासी जस्सवावाला धनौरी के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्होंने असलहे एक ही सप्लायर से खरीदे थे। रोहित कथित तौर पर पिस्टल को मुनाफे में किसी अन्य व्यक्ति को बेचने के उद्देश्य से रेलवे पुल के नीचे पहुंचा था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद असलहे और कारतूस कब्जे में लेकर सील कर दिए गए हैं। आरोपियों के पास से एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। पुलिस अब असलहा सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story