आईजीएनएफए के नए निदेशक बने डॉ. राजेंद्र प्रसाद खजूरिया

WhatsApp Channel Join Now
आईजीएनएफए के नए निदेशक बने डॉ. राजेंद्र प्रसाद खजूरिया


देहरादून, 02 जुलाई (हि.स.)। भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के आंध्र प्रदेश कैडर के 1991 बैच के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद खजूरिया ने गुरुवार को देहरादून स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (आईजीएनएफए) के निदेशक का कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने भारती का स्थान लिया है, जो 30 जून को सेवानिवृत्त हुई थीं।

डॉ. खजूरिया इससे पहले आंध्र प्रदेश पर्यावरण प्रबंधन निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत थे। वन प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और नीति निर्माण के क्षेत्र में उन्हें 35 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के निवासी हैं और कनाडा के टोरंटो विश्वविद्यालय से पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर चुके हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में उनके कई शोध प्रकाशित हो चुके हैं।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद डॉ. खजूरिया ने अकादमी के संकाय सदस्यों और कर्मचारियों के साथ बैठक की और संस्थान में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण एवं अन्य गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने 'अमृत काल' के लक्ष्यों के अनुरूप भारतीय वन सेवा के प्रशिक्षण को और प्रभावी एवं आधुनिक बनाने की प्रतिबद्धता जताई।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story