इगास बग्वाल लोक संस्कृति, आस्था और पहाड़ की समृद्ध परंपराओं का प्रतीक : गणेश जोशी
-दून विहार में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भैलो खेलकर मनाया लोकपर्व, लोक कलाकारों ने दी प्रस्तुतियां
देहरादून, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड का लोकपर्व इगास बग्वाल बुधवार को देहरादून के दून विहार स्थित सेंट्रल पार्क में पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पारंपरिक रूप से भैलो खेलकर पर्व मनाया और क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में गणेश जोशी ने कहा कि इगास बग्वाल केवल एक पर्व नहीं, बल्कि देवभूमि की लोक संस्कृति, आस्था और गौरवशाली परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। आधुनिकता के दौर में अपनी जड़ों, बोली-भाषा और लोकपर्वों से जुड़े रहना सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित हो सकें। उन्होंने कहा कि दून विहार परिवार की ओर से आयोजित ऐसे उत्सव सांस्कृतिक एकता को मजबूत करते हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड के लोकपर्व राज्य की अस्मिता, स्वाभिमान और सांस्कृतिक पहचान के संवाहक हैं। देहरादून में उत्साह और भव्यता के साथ इगास मनाया जाना सराहनीय है। ऐसे आयोजन प्रवासियों और युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का माध्यम बनते हैं।
कार्यक्रम में जागर सम्राट पद्मश्री प्रीतम भरतवाण और लोक कलाकार शनि दयाल ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। लोकगीतों और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध किया।
इस अवसर पर आयोजित लकी ड्रॉ प्रतियोगिता के विजेताओं को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पुरस्कार वितरित किए। प्रथम पुरस्कार में स्कूटी, द्वितीय में फ्रिज और तृतीय पुरस्कार में टीवी दिया गया। इसके अलावा 51 अन्य विजेताओं को भी विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पद्मश्री डॉ. बीकेएस संजय, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल, राज्यमंत्री ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी और पूनम नौटियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

